राज्य में 10 साल की रिकार्ड तोड़ेगी गर्मी, 25 अप्रैल तक कई जिलों का तापमान 44 डिग्री तक पहुंचेगा
Apr 19, 2024
अहमदाबाद | गुजरात में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है और इससे फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आती| ऐसे में मौसम के जानकार की गर्मी को लेकर डरावनी भविष्यवाणी सामने आई है| मौसम के जानकार परेश गोस्वामी की मानें तो अप्रैल महीने की गर्मी पिछले 10 साल का रिकार्ड तोड़ देगी| आगामी 25 अप्रैल तक राज्य के कई शहरों का तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है| अप्रैल महीने के तीसरे सप्ताह का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा दर्ज हो रहा है| जो वर्ष 2016 और वर्ष 2018 के मुकाबले ज्यादा है| परेश गोस्वामी के मुताबिक 10 वर्ष की तुलना में वर्ष 2016 और 2018 के मुकाबले वर्ष 2024 सबसे अधिक गर्म है| अर्थात 2024 की गर्मी वर्ष 2016 और 2018 का रिकार्ड तोड़ रही है|
आगामी 25 अप्रैल तक राज्य के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री या उससे अधिक दर्ज हो सकता है| जबकि अन्य जगहों का तापमान 41 से 43 डिग्री के आसपास रहेगा| राजकोट, अमरेली, जूनागढ़, सुरेन्द्रनगर, अहमदाबाद, आणंद, नडियाद, गांधीनगर, कपड़वंज, हिम्मतनगर और ईडर ऐसे इलाके हैं जहां तापमान 44 डिग्री तक दर्ज हो सकता है| मई महीने में तो इससे भी भयंकर गर्मी पड़ने की संभावना है| ज्यादातर इलाकों में तापमान 44 डिग्री या उसके पार जा सकता है| फिलहाल राज्य में चल रहे हिटवेव से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है|