बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से वापसी करेंगे हसरंगा
Mar 20, 2024
कोलम्बो । श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने स्पिन ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को बांग्लादेश के साथ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। हसरंगा ने पिछले साल सीमित ओवरों के क्रिकेट पर ध्यान देने के लिए टेस्ट प्रारुप को अलविदा कह दिया था। वहीं अब बांगलादेश के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए उन्हें 17 सदस्यीय टीम में जगह दी गयी है। इसके अलावा तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा और अनकैप्ड ऑफस्पिनर निशान पाइरिस को भी टीम में शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि हसरंगा ने अब तक चार टेस्ट मैचों में 100.75 की औसत से चार विकेट लिए हैं। उन्होंने अंतिम बार अप्रैल 2021 में टेस्ट मैच खेला था। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज तीन अप्रैल को खत्म होगी। ऐसे में हसरंगा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से पहले तीन मैच नहीं खेल पायेंगे।
वहीं लाहिरू ने भी गत एक साल से कोई टेस्ट नहीं खेला है। जहां तक पेइरिस की बात है उसने अपने पिछले चार प्रथम श्रेणी मैचों में 24 विकेट लिए हैं। कुल मिलाकर, उन्होंने 37 मैचों में 24.79 की औसत से 153 विकेट लिए हैं। दोनो ही टीमों के बीच पहला टेस्ट शुक्रवार से सिलहट में शुरू होगा।
बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए श्रीलंकाई टीम इस प्रकार है : - धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), कुसल मेंडिस, दिमुथ करुणारत्ने, निशान मदुश्का, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चांदीमल, सदीरा समरविक्रमा (विकेटकीपर), कामिंडु मेंडिस, लाहिरू उदारा, वानिंदु हसरंगा, प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस, निशान पेइरिस, कासुन राजिथा, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा और चमिका गुणशेखरा।