हर घर तिरंगा : कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक देशभक्ति की गूंज

Aug 13, 2026

जबलपुर, । जबलपुर कलेक्टर कार्यालय परिसर से आज गुरुवार को पूवान्ह हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में कलेक्टर कार्यालय के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज थामे सभी प्रतिभागी कलेक्ट्रेट कार्यालय से रवाना होकर घंटाघर चौराहे से होते हुए वापस कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे जहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ । यात्रा के दौरान पूरा मार्ग वंदे मातरम और भारत माता की जय के ओजस्वी नारों से लगातार गुंजायमान रहा। सभी प्रतिभागियों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहरा रहा था। अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुशासित पंक्तियों ने मार्ग में चलने वाले हर नागरिक का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पुलिस बल के जवानों का जोश देखते ही बन रहा था। सभी विभाग प्रमुखों ने अपने मातहत कर्मचारियों के साथ इस राष्ट्रीय पर्व के माहौल को जीवंत बना दिया।

कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर यात्रा जब मुख्य सड़कों पर आगे बढ़ी, तो पूरे मार्ग में सुरक्षा और व्यवस्था का पूर्ण ध्यान रखा गया।इस आयोजन ने जिले के नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का संचार किया और हर घर तिरंगा फहराने का प्रभावी संदेश दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।


Subscribe to our Newsletter