गुजरात टाइटंस ने आईपीएल की तैयारियां शुरु की, इशांत भी शामिल हुए
Jan 14, 2025
सूरत । गुजरात टाइटंस ने अगले माह शुरु होने वाले आईपीएल 2025 के लिए तैयारियां शुरु कर दी हैं। वहीं भारतीय टीम से बाहर चल रहे इशांत शर्मा भी इसमें अभ्यास के लिए पहुंच गये हैं। इशांत सहित कई खिलाड़ियों ने इसके लिए नेट अभ्यास भी किया। अभ्यास सत्र में शामिल अन्य खिलाड़ियों में महिपाल लोमरोर, जयंत यादव, अनुज रावत और अरशद खान भी थे। वहीं टीम के कोच और सहयोगी स्टाफ भी उसके साथ हैं पर कप्तान शुभमन गिल अभी इसमें शामिल नहीं हुए हैं। इसका कारण है कि उन्हें 22 जनवरी से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में भाग लेना है। .
गुजरात की टीम अपने पहले ही साल में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खिताब जीती थी। वहीं दूसरे साल भी वह फाइनल में पहुंची, पर दोबारा खिताब नहीं जीत पाई। तीसरे साल हार्दिक मुंबई इंडियंस से जुड़ गये। ऐसे में शुभमन को कप्तानी दी गयी। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2025 के लिए शुभमन गिल के अलावा राशिद खान, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया और शाहरुख खान को रीटेन किया था। वहीं गत वर्ष हुई नीलामी में उसनेकैगिसो रबाडा, जॉस बटलर, मोहम्मद सिराज और वाशिंगटन सुंदर जैसे अच्छे खिलाड़ियों को खरीदा था। ऐसे में टीम को इस बार बेहतर प्रदर्शन कर खिताब जीतने की उम्मीद रहेगी।