स्वदेश पहुंचने पर मंधाना का भव्य स्वागत
Sep 27, 2023
मुम्बई । एशियाई खेलों में स्वर्ण विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज स्मृति मंधाना का स्वदेश पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। मंधाना ने खिताबी मुकाबले में शानदार पारी खेलकर भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उस मैच में मंधाना ने सबसे अधिक 46 रन बनाये थे। इससे भारतीय टीम एशियाई खेलों में पहली बार में ही स्वर्ण जीतने में सफल रहीं। स्वागत के समय मंधाना भावुक हो गयीं। उन्होंने कहा, ‘जब राष्ट्रगान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज लहराया तो मेरी आंखों में आंसू आ गए, यह बहुत खास अनुभव था। उन्होंने कहा, हमने देखा है जब नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीता था तब देश में खुशी की लहर छा गयी थी, वहीं अब देश को पदक दिलाकर हमें बहुत खुशी हैं।’
वहीं कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें एयरपोर्ट पहुंचने पर परिजन और प्रशंसक मंधाना का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए दिखाई दिए। मंधाना वर्तमान समय की बेहतरीन महिला बल्लेबाजों में से एक मानी जाती हैं। वह एकदिवसीय और टी-20 दोनों की महिला बल्लेबाजी रैंकिंग में मौजूद रहने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। 2019 में मंधाना भारत की दूसरी सबसे तेज 2,000 एकदिवसीय रन बनाने वाली क्रिकेटर बनी थीं। मंधाना ने महिला टी-20 में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने केवल 24 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। इसके अलावा वह एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे तेज 3000 हजार रन बनाने वाली क्रिकेटर भी हैं।