जमीन से 4 मीटर ऊपर रेलवे ट्रैक बनाएबी सरकार
Apr 29, 2024
- एक ही लाइन पर दौड़ेगी बुलेट, हाई स्पीड और सामान्य ट्रेन
नई दिल्ली । आने वाले समय में रेलवे दो बड़ी योजनाओं पर काम कर रहा है। पहली योजना में जो रेलवे ट्रैक बनाए जाएं, वह जहां भी संभव हों वहां अधिक से अधिक एलिवेटेड बनाए जाएं। दूसरे, कोशिश यह भी की जा रही है कि बुलेट ट्रेन, हाई स्पीड, सेमी हाई स्पीड और सामान्य गति वाली ट्रेनों के लिए अलग-अलग ट्रैक ना बनाते हुए एक ही ट्रैक पर तमाम स्पीड वाली ट्रेनों को दौड़ाया जाए। इसके लिए एक मसौदा भी तैयार किया गया है। जिसमें एलिवेटेड रेलवे ट्रैक की ऊंचाई जमीन से चार मीटर ऊपर रखी जाएगी। इसमें एलिवेटेड ट्रैक को सिंगल या डबल लाइन के हिसाब से नहीं बल्कि चार लाइन के हिसाब से डिजाइन किया जाएगा ताकि कम खर्चे में अधिक से अधिक ट्रेनें चलाई जा सकें।
इसमें बीच-बीच में लोगों और ट्रैफिक के निकलने के लिए जरूरत के मुताबिक सब-वे, रोड और पुलिया बनाई जाएंगी। जरूरत के मुताबिक, एलिवेटेड रेलवे लाइनों की हाइट बढ़ाई भी जा सकेगी ताकि उसके नीचे से बस, ट्रक और अन्य तरह के अधिक ऊंचाई वाली गाड़ियां भी आसानी से निकल सकें। इसके अलावा रेलवे एक और योजना पर काम यह भी कर रहा है कि भविष्य में जो रेलवे ट्रैक बनाए जाएं, वह बहुउद्देशीय हों। यानी एक ही ट्रैक पर बुलेट ट्रेन, हाई स्पीड, सेमी हाई स्पीड और सामान्य स्पीड वाली ट्रेनों को दौड़ाया जा सके। इसके लिए विदेशों की तर्ज पर भारत में भी ऐसे ही ट्रैक बनाने पर विचार किया जा रहा है।