यूपीआई से होने वाले फ्रॉड रोकने अलर्ट सिस्टम ला सकती है सरकार
Dec 04, 2023
मुंबई । डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते प्रचलन के साथ ही बैंकिंग धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। सरकार अब इन पर रोक लगाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विचार कर रही है। खासकर यूपीआई के जरिए होने वाले फ्रॉड को लेकर सरकार को कई प्रस्ताव मिले हैं, जिन्हें जल्द ही लागू किया जा सकता है। एक रिपोर्ट में वित्त मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि वित्तीय संस्थान एक सीमा से अधिक डिजिटल भुगतान के लिए रैपिड अलर्ट सिस्टम अपना सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान 5000 रुपये से ज्यादा के डिजिटल पेमेंट के लिए रैपिड अलर्ट सिस्टम अपना सकते हैं।
यह अलर्ट केवल नए यूजर्स या वेंडर्स के मामले में ही पूरी तरह से लागू किया जाएगा। इस अलर्ट सिस्टम के तहत जब कोई उपयोगकर्ता पहली बार किसी अन्य उपयोगकर्ता या विक्रेता को यूपीआई के जरिए 5000 रुपये से अधिक का भुगतान करता है, तो भुगतान शुरू करते ही उसे एक कॉल प्राप्त होगा। खाते से पैसे डेबिट होने से पहले वेरिफिकेशन मैसेज आएगा। सत्यापन के बाद ही उनके खाते से पैसे काटे जाएंगे। इस तरह संदिग्ध मामलों में भुगतान अपने आप अटक जाएगा।
इस तरह का अलर्ट सिस्टम पहली बार लागू नहीं किया जा रहा है। कई वित्तीय संस्थान पहले ही ऐसी प्रणालियों को अपना चुके हैं। वित्त मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि कई वित्तीय संस्थान पहले से ही उच्च मूल्य के लेनदेन के लिए ऐसे अलर्ट सिस्टम का उपयोग कर रहे हैं।