62 हजार पहुंच सकता हैं सोना, लोग कर रहे बढ़चढ़कर निवेश
Sep 26, 2023
मुंबई । ग्लोबल लेवल पर महंगाई की दर ऊंची बने रहने और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता की वजह से निवेश के ‘सुरक्षित विकल्प’ के तौर पर सोने को पंसद किया जा रहा है। साथ ही भू-राजनीतिक तनाव ने अनिश्चितता को बढ़ाकर सोने की चमक को और बढ़ा दिया है। जानकारों के मुताबिक भारत सहित विश्व के अन्य केंद्रीय बैंकों की तरफ से सोने की खरीद में तेजी से भी कीमतों को मदद मिल रही है। फिलहाल घरेलू बाजार में एमसीएक्स पर सोना 59 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के आस-पास है। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 1,910 से 1,930 डॉलर प्रति औंस के बीच है।
बाजार जानकार के मुताबिक मौजूदा कैलेंडर ईयर (2023) के अंत तक घरेलू बाजार में सोना 62 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल को पार कर सकता है। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में येलो मेटल के 2,100 डॉलर प्रति औंस तक जाने की संभावना है। जानकार के अनुसार ग्लोबल टेंशन, महंगाई और केंद्रीय बैंकों की तरफ से लगातार हो रही खरीद गोल्ड के लिए प्रमुख सपोर्टिव फैक्टर्स हैं। गोल्ड में आगे बन रही तेजी को इसी बात से समझा जा सकता है कि यूएस में लगातार ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बावजूद इसकी चमक फीकी नहीं हुई है। आने वाले त्यौहार सीजन के दौरान खरीदारी निकलने से भी कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है।
हालांकि ग्लोबल लेवल पर बैंकिंग संकट को लेकर बने डर के कम होने और अमेरिका में डेट-सीलिंग को लेकर जारी गतिरोध के सुलझने के बाद गोल्ड की कीमतें मई के अपने हाई से (मई 2023 की शुरुआत में कीमतें कमोबेश ऑल टाइम हाई तक ऊपर चली गई थी) तकरीबन 5 फीसदी तक टूट चुकी है। कीमतों में तेजी की संभावना के मद्देनजर आम निवेशक फिर से सोने में निवेश को लेकर काफी उत्सुक दिख रहे हैं। लेकिन वे इस बात को लेकर दुविधा में हैं कि आखिर सोने में निवेश के उपलब्ध विकल्पों में से किसे प्राथमिकता दी जाएं। सोने में निवेश आप फिजिकल या इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म में कर सकते हैं।