जीएमआर एयरपोर्ट की 5,000 करोड़ फंड जुटाने की योजना
Aug 22, 2025
मुंबई । एयरपोर्ट और एयरपोर्ट सेवाओं से जुड़ी कंपनी जीएमआर एयरपोर्ट ने 5,000 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने की योजना का ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ने हाल ही में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। कंपनी ने बताया कि बोर्ड ने एक एनेबलिंग रेजोल्यूशन पास किया है जिसके तहत 5,000 करोड़ रुपये तक की राशि एक या एक से ज्यादा किस्तों में जुटाई जा सकती है। इसके लिए इक्विटी शेयर, नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (एनसीडी) समेत दूसरी सिक्योरिटीज जारी की जाएंगी।
कंपनी ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर फॉरेन करेंसी कन्वर्टिबल बॉन्ड्स भी जारी किए जा सकते हैं। जीएमआर एयरपोर्ट ने ने बताया कि बोर्ड ने एक नई सब्सिडियरी बनाने को भी मंजूरी दी है। इस स्पेशल पर्पज व्हीकल के जरिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआईए) पर कार्गो सिटी बनाई जाएगी। कार्गो सिटी आईजीआईए के अंदर 50.5 एकड़ जमीन पर विकसित की जाएगी। यह हवाईअड्डा देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है और इसे दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) संचालित करता है, जो जीएमआर एयरपोर्ट्स की सहायक कंपनी है।