लव मैरिज की एनिवर्सरी के दिन युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
Oct 31, 2023
हिसार । एक साल पहले लव मैरिज करने वाली युवती की मैरिज एनिवर्सरी के दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति ने युवती के परिजनों पर हत्या कर अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंची। पुलिस इस बारे में ज्यादा कुछ बता नहीं रही है।
राजगढ़ रोड पर गली नंबर-4 में रहने वाले मनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक साल पहले उसने शीतल से लव मैरिज की थी। लड़की पक्ष के लोग इस शादी से खुश नहीं थे। उन्हें मारने की धमकी मिल रही थी। रविवार को पत्नी शीतल के परिवार वालों ने उसे बहाने से घर बुला लिया। मनदीप की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के परिवार की दो महिलाओं समेत 4 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। मनदीप ने बताया कि सोमवार तक उसकी पत्नी वापिस नहीं आई तो उसने खोजबीन शुरु की।
इस दौरान उसको पता चला कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। मौत के बाद उसके परिजनों ने गंगवा के आसपास किसी श्मशान घाट में चोरी छिपे उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जब उसने उसके परिजनों से बात करने की कोशिश की तो उसे इसकी जानकारी नहीं दी। इसके बाद मनदीप ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने श्मशान घाट से राख व अस्थियों के सैंपल लिए हैं। आजाद नगर थाना प्रभारी रमेश के नेतृत्व में पुलिस की स्पेशल टीम ने जांच शुरू कर दी है।