गावस्कर ने रोहित को कपिल और धोनी जैसा कप्तान बताया

मुम्बई । लिटिल मास्टर के नाम से लोकप्रिय रहे बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को कपिल देव और महेन्द्र सिंह धोनी जैसा कप्तान बताया है। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप जीता है। इसके अलावा उनकी कप्तानी में टीम एकदिवसीय विश्वकप में उपविजेता रही। गावस्कर ने कहा, रोहित उन दो अन्य क्रिकेट दिग्गजों, कपिल देव और धोनी के साथ शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को विश्व कप ट्रॉफी दिलाई है। इन दोनों की तरह, रोहित भी लोगों के कप्तान हैं।

उन्हें उनकी टीम के सदस्यों के अलावा पूरे भारतीय क्रिकेट समुदाय में काफी पसंद किया जाता है। क्रिकेट प्रशंसकों को उनकी नेतृत्व शैली भी पसंद है और रणनीति के मामले में वे खेल में सबसे तेज हैं। उनके कुछ कदम आपको हैरान भी कर सकते हैं पर  अंतिम परिणाम अक्सर वही होता है जिसकी टीम को उस समय जरूरत होती है। गावस्कर ने रोहित और राहुल द्रविड़ की कप्तान-कोच जोड़ी की की जमकर तारीफ की जिन्होंने भारत को ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि  द्रविड़ के नेतृत्व में सहयोगी स्टाफ ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। 


Subscribe to our Newsletter