फ्रांस और नॉर्वे ने इजरायल पर आईसीसी की कार्रवाई का किया समर्थन

- सैन्य कमांडर मोहम्मद देफ पर गाजा और इजरायल क्षेत्रों में युद्ध अपराध करने का आरोप है 

पेरिस । फ्रांस ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट और हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद देफ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) का समर्थन किया है। आईसीसी के प्री-ट्रायल चैंबर ने नेतन्याहू और गैलेंट पर अक्टूबर 2023 से मई 2024 के बीच युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप लगाए हैं। मोहम्मद देफ पर गाजा और इजरायल के क्षेत्रों में युद्ध अपराध करने का आरोप है। फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्रिस्टोफ लेमोइन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा ‎कि अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय स्थिरता की गारंटी है और इसके आदेशों का पालन आवश्यक है। फ्रांस ने स्पष्ट किया कि वह दंड से मुक्ति के खिलाफ संघर्ष को अपनी प्राथमिकता मानता है। हालांकि जब नेतन्याहू की संभावित गिरफ्तारी के बारे में पूछा गया, तो प्रवक्ता ने इसे कानूनी रूप से जटिल बताते हुए कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। साथ ही फ्रांस ने गाजा और लेबनान में सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की, जो हालिया युद्धों में क्षतिग्रस्त हुई हैं। नॉर्वे ने भी आईसीसी की कार्रवाई का समर्थन करते हुए इसे गंभीर अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने में अहम बताया। नॉर्वे के विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे ने कहा ‎कि आईसीसी निष्पक्ष सुनवाई मानकों के तहत कार्रवाई करेगा। यह घटनाक्रम अंतरराष्ट्रीय राजनीति में तनाव को और बढ़ा सकता है, जबकि न्याय और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग तेज हो रही है।



Subscribe to our Newsletter