गुजरात में अगले 6 दिन गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान
Jun 19, 2024
अहमदाबाद | गुजरात में मानसून की दस्तक भले ही पहले हो गई हो, लेकिन 2-4 तहसीलों को छोड़ पूरे राज्य को अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है| करीब दस दिन पहले ही मानसून दक्षिण गुजरात में दस्तक दे चुका है, लेकिन वहां से आगे नहीं बढ़ रहा| मानसून के आगे नहीं बढ़ने से राज्यभर में गर्मी और उमस से हाहाकार मचा हुआ है| इस बीच मौसम विभाग ने फिर एक बार राज्य में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है| मौसम विभाग की मानें तो आज से राज्य में अगले 6 दिनों तक गरज के साथ अच्छी बारिश हो सकती है| आगामी 6 दिन गरज के साथ हलके से मध्यम बारिश की संभावना है| खासकर दक्षिण गुजरात के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है| अहमदाबाद जिले में कई जगह बारिश की संभावना है|
उत्तर और मध्य गुजरात में भी बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश की संभावना है| सौराष्ट्र के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है| ठंडर स्ट्रोम एक्टिविटी के साथ हलके से मध्यम बारिश हो सकती है| इस बीच बीते 24 घंटों में गुजरात की 33 तहसीलों में बारिश हुई है| जूनागढ़ के विसावदर और वलसाड के धरमपुर में 1-1 ईंच बारिश हुई है| सूरत में आज सुबह से फिर एक बार मूशलाधार बारिश होने की खबर है| सूरत के जहांगीरपुरा, रांदेर, अडाजन समेत इलाकों में बारिश हुई है| फिलहाल मानसून दक्षिण गुजरात के नवसारी में अटका हुआ है| मानसून की सिस्टम कमजोर होने के कारण मानसून गुजरात के अन्य जिलों में आगे नहीं बढ़ रहा| दूसरी ओर मौसम के जानकार अंबालाल पटेल ने राज्य में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है| अगले 48 घंटों के दौरान राज्य में मानसून सक्रिय हो जाएगा और 22 जून तक राज्य में अच्छी बारिश होगी| 21 से 25 जून के दौरान राज्यभर में सर्वत्र बारिश होगी| अंबालाल के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनेगा| जिससे अहमदाबाद समेत राज्य के सभी जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है|