फर्स्टक्राई का आईपीओ खुला, 4193 करोड़ जुटाने का लक्ष्य
Aug 06, 2024
मुंबई फर्स्टक्राई ब्रांड नाम से छोटे बच्चों के कपड़े और खिलौनों बेचने वाली कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस का इनिशियल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) खुल गया है। फर्स्टक्राई बच्चों और शिशुओं की खरीदारी के क्षेत्र में भारत की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक है। कंपनी का मुख्यालय पुणे में है। फर्स्टक्राई ने इस पब्लिक इश्यू के जरिये 4193.73 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी का आईपीओ 6 अगस्त को बोली लगाने के लिए खुल गया और यह गुरुवार को सब्सक्राइब करने के लिए बंद हो जाएगा। जो निवेशक इस आईपीओ में पैसा लगाना चाहते हैं वे दांव लगाने से पहले इस इश्यू से जुड़ी जरूरी बातें जान लें। फर्स्टक्राई के आईपीओ में 35,827,957 शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है, जो कुल मिलाकर 1666 करोड़ रुपये तक है। कंपनी ने 2 रुपये प्रति शेयर के फेस वैल्यू के साथ 54,359,733 शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव भी रखा है, जो कुल मिलाकर 2527.73 करोड़ रुपये तक है।
फर्स्टक्राई ने आईपीओ के नेट ऑफर का 75 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स, 10 प्रतिशत से अधिक रिटेल इन्वेस्टर्स और 15 फीसदी नॉन-इन्टीट्यूशनल निवेशकों के लिए रिजर्व रखा है। कंपनी ने अपने आईपीओ लिए प्राइस बैंड 440-465 रुपये प्रति शेयर तय किया है। लॉट साइज 32 शेयर है। फर्स्टक्राई आईपीओ के लिए बोली लगाने के लिए रिटेल निवेशकों को मिनिमम 14,880 रुपये लगाने होंगे।