कनाडा की ओर बढ़ रही आग......येलोनाइफ शहर को खाली करने का आदेश
Aug 18, 2023
येलोनाइफ । जंगल में लगी आग कनाडा के येलोनाइफ की तरफ बढ़ रही है। जंगल में आग लगने की आशंका के कारण हजारों निवासी कनाडा के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की राजधानी से भाग गए। कुछ लोग सुरक्षा के लिए सैकड़ों मील दूर चले गए और अन्य आपातकालीन उड़ानों के लिए लंबी लाइनों में इंतजार कर रहे थे।
अग्निशमन सूचना अधिकारी ने कहा, तेज हवाओं के कारण लगी आग येलोनाइफ के उत्तरी किनारे के 16 किलोमीटर (10 मील) के भीतर थी और सबसे अधिक जोखिम वाले चार क्षेत्रों के लोगों को जल्द से जल्द छोड़ने के लिए कहा गया था। शहर से दक्षिण की ओर जाने वाले एकमात्र राजमार्ग पर कारों की लंबी कतारें लग गई हैं। आग के धुएं से राजमार्ग पर साफ दिखाई नहीं दे रहा है। हवाई जहाज से पानी बरसा कर आग पर काबू करने की कोशिश हो रही है।
क्षेत्रीय सरकार के मंत्री शेन थॉम्पसन ने कहा, मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि शहर तत्काल खतरे में नहीं है और निवासियों के लिए सड़क और हवाई मार्ग से शहर छोड़ने के लिए एक सुरक्षित रास्ता है। बारिश के बिना, यह संभव है कि यह आग सप्ताहांत तक शहर के बाहरी इलाके तक पहुंच जाएगा।
वेस्टविक ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को निकालना कठिन होने वाला है, लेकिन लोग सहयोग कर रहे हैं और शांतिपूर्वक हैं। वेस्टविक ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए जल बमवर्षकों का इस्तेमाल हो रहा है। कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक जेनिफर यंग ने कहा कि 1,500 यात्रियों के साथ 10 विमान येलोनाइफ से रवाना हुए। अधिकारियों ने कहा कि येलोनाइफ से लोगों को निकालने का काम शुक्रवार तक पूरा होने की उम्मीद है। येलोनाइफ की आबादी लगभग 20,000 है। अधिकारियों ने कहा कि केवल उन लोगों को ही निकासी उड़ानों के लिए पंजीकरण कराना चाहिए, जिनके पास सड़क मार्ग से जाने का विकल्प नहीं है या जो बीमार या कमजोर हैं। आग येलोनाइफ से 10 मील दूर है।
नॉर्थवेस्ट टेरिटरीज से सुरक्षित निकाले गए लोगों को पास के प्रांत अल्बर्टा में तीन केंद्रों में रखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो निकासी पर चर्चा के लिए मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई है। वाणिज्यिक एयरलाइनों और रायल कैनेडियन वायुसेना के विमानों से लोगों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है। पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री शेन थांपसन ने कहा, आग शहर के लिए बड़ा खतरा है। प्रशासन ने निवासियों को शहर के ठीक बाहर ग्रेट स्लेव झील के द्वीपों पर शरण न लेने की भी चेतावनी दी, क्योंकि आग करीब आने पर क्षेत्र में हवा प्रदूषित हो सकती है। ब्रिटिश कोलंबिया में, जहां लगभग 370 जगह आग लगी हुई थी, अधिकारियों ने भी अधिक निकासी के लिए कमर कस ली है, अगले कुछ दिनों के लिए मौसम पूर्वानुमान में बिजली की भविष्यवाणी की गई है, जिससे नई आग भड़क सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं, जो तेजी से दिशा बदल सकती हैं। गुरुवार तक, देश भर में 1,053 जंगल की आग जल रही थी, जिनमें से आधे से अधिक नियंत्रण से बाहर थीं। अमेरिका ने भी विनाशकारी जंगल की आग देखी है, जिसमें पिछले सप्ताह माउई के हवाई द्वीप पर लगी आग भी शामिल है, जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गए और एक ऐतिहासिक शहर नष्ट हो गया।