अवैध कोयला खदान में लगी आग, छह मजदूरों की मौत
Jan 27, 2024
नागालैंड के वोखा जिले में एक अवैध कोयला खदान में आग लगने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रह हैं। घटना की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने पुष्टि की है। भंडारी के विधायक अचुम्बेमी किकोन ने बताया कि दुर्घटना 25 जनवरी अपराह्न करीब एक बजे वोखा जिले के भंडारी उपमंडल के अंतर्गत रिचानयन गांव में हुई।
स्थिति का जायजा लेने के लिए भंडारी पहुंचे विधायक किकोन ने कहा कि सभी मजदूर असम के रहने वाले थे, जो इस अवैध खदान में खुदाई का काम कर रहे थे कि तभी आग लगने से उनमें से छह की झुलसकर मौत हो गई और चार अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को दीमापुर के एक अस्पताल भर्ती कराया गया। भंडारी में इस तरह की अवैध कोयला खदानों पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने राज्य के गृह विभाग से ऐसी खदानों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का भी आग्रह किया है।