इजरायल से डरे ईरान ने हमलों को बताया अफवाह
Apr 19, 2024
तेहरान। ईरान ने एक बयान जारी करके कहा है कि उसकी सरजमीं पर कोई भी विदेशी हमला हुआ ही नहीं है। ईरान ने कहा कि उसने आसमान में संदिग्ध ऑब्जेक्ट को देखने के बाद अपने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव किया था। वहीं दूसरी तरफ ईरान और इजरायल के बीच तनाव अपने चरम पर है। ईरान के 300 मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद इजरायल की सेना ने भी पलटवार करते हुए ईरान, सीरिया और इराक में जोरदार मिसाइल हमला बोला है। अमेरिका के अधिकारियों ने इजरायल के ईरान के अंदर भीषण हमले की पुष्टि की है। एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि इजरायल ने ईरान के अंदर एक ठिकाने पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि इजरायल ने किसी भी परमाणु ठिकाने को निशाना नहीं बनाया है। इस हमले के बाद ईरान ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया। उधर,
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया जा रहा है कि ईरान के इस्फहान शहर में एयरपोर्ट के पास 3 जोरदार विस्फोट सुने गए हैं। जहां पर ये विस्फोट हुए हैं, उसके पास में ही ईरानी सेना का ठिकाना भी है। इस्फहान शहर के पास ही ईरान के फाइटर जेट भी तैनात हैं। एक ऑब्जेक्ट को देखने के बाद एयर डिफेंस को एक्टिव कर दिया गया था जो संभवत: एक ड्रोन था। इससे पहले आई रिपोर्ट में कहा गया था कि इजरायली हमले में एक सैन्य रेडार साइट को निशाना बनाया गया। इस विस्फोट के बाद सरकारी कार्यालयों के शीशे भी टूट गए। इजरायल ने यह हमला ऐसे समय पर किया है जब ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिका की धरती से इजरायल को खुली धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर इजरायल ने जवाबी हमला किया तो उसका तत्काल और पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा। इस दावे के ठीक बाद इजरायल ने हमला करके अपनी ताकत दिखा दी लेकिन अब ईरानी इस हमले को ही खारिज करने में जुट गए हैं।
इजरायली अधिकारियों ने इस हमले की पुष्टि कर दी है। इस बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि ईरान ने इजरायल के हमले के डर से सीरिया से अपने सैन्य कमांडरों और हिज्बुल्ला के कमांडरों को निकाल लिया है। ईरान ने इजरायल के हमले के खौफ से ही अपनी वायुसेना को अलर्ट कर दिया था। वहीं ईरानी नौसेना अपने देश के जहाजों को सुरक्षा दे रही है ताकि इजरायली हमले से बचाया जा सके। इससे पहले इजरायल के एक जहाज को ईरान ने पकड़ लिया था जिसमें भारतीय चालक दल सवार हैं।