फरीदाबाद देश का सबसे प्रदूषित शहर
Oct 06, 2023
चंडीगढ़ । पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में वायु प्रदूषण में इजाफा हुआ है। सीपीसीबी से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा का फरीदाबाद जिला देश में सबसे अधिक प्रदूषित है। शाम पांच बजे फरीदाबाद का एयर क्वालिटी इंडैक्स 324 दर्ज हुआ जो बहुत खराब कैटेगरी है। पिछले 24 घंटों में इतना अधिक एक्यूआई किसी अन्य शहर का नहीं था।

इसके अलावा कैथल का एक्यूआई 298 और सोनीपत का 297 रहा। गुरुग्राम का 292 और धारुहेड़ा का 226 था। प्रदेश के इन 4 जिलों का एक्यूआई खराब कैटैगरी में है। हरियाणा एचएसपीसीबी ने एनसीआर और उसके साथ लगते एरिया में डीजल जनरेटर सेट चलाने के लिए एमरजैंसी सर्विसिज को कुछ समय तक छूट दी है।
वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बोर्ड ने नए नियमों के तहत एक अक्तूबर से डीजी सेट ऑपरेट करने की मंजूरी दी थी। जिसके बाद विभिन्न हितधारकों ने बोर्ड के सामने इन नियमों में बदलाव करने की मांग रखी थी। जिस पर बोर्ड ने अब नए नियमों के लिए एमरजैंसी सर्विसिज को 31 दिसम्बर तक बढा दिया है। इस दौरान जो मानक तय हैं डीजी सेट उनके अनुसार ही चलाए जा सकेंगे। इससे पहले मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरमैंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज, भारत सरकार ने एनसीआर और उसके साथ के क्षेत्र में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमैंट इन नेशनल कैपिटल रीजन एंड एडज्वाइनिंग एरिया का गठन किया था।
नियमों के प्रासंगिक प्रावधानों पर कार्रवाई से बचने के लिए सभी सूचीबद्ध आपातकालीन सेवाओं में उपयोग किए जा रहे डीजी सेटों के संबंध में 31 दिसम्बर या उससे पहले उचित उत्सर्जन नियंत्रण तंत्र स्थापित करना होगा।