फडणवीस कैबिनेट के नए मंत्री मुश्किल में? 22 घंटे की ईडी छापेमारी के बाद भी पूर्व मनपा आयुक्त को नहीं ले गई साथ
Jul 30, 2025
मुंबई, । महाराष्ट्र सरकार जहां राज्य के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे से जुड़े विवाद पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है, वहीं एक और मंत्री नए विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। मंत्री योगेश कदम बार डांस मामले के कारण मुश्किल में पड़ चुके हैं, विधायक संजय गायकवाड़ भी सत्र के दौरान कैंटीन के वेटर के साथ मारपीट मामले के कारण और संजय शिरसाट भी पहले मुश्किल में पड़ चुके हैं। जहां इन विवादों पर चर्चा हो रही है, वहीं अब एक नए मंत्री भी मुश्किल में पड़ते नजर आ रहे हैं। दरअसल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सतारा शहर सहित बागलाण तालुका में वसई-विरार महानगरपालिका के पूर्व आयुक्त अनिल कुमार पवार के रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। वसई-विरार मनपा के कमिश्नर रहे अनिल कुमार पवार की संपत्तियों के खिलाफ राज्य भर में ईडी की कार्रवाई चल रही है और मंगलवार सुबह ईडी की एक टीम ने नासिक और सतारा में उनकी संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। ज्ञात हो कि अनिल कुमार पवार और उनके परिवार के पास सतारा तालुका और नासिक में कई जगहों पर कृषि भूमि, फार्म हाउस और प्लॉट हैं।
मंगलवार सुबह सतारा शहर में इनोवा कारों और उनमें पुलिसकर्मियों की मौजूदगी शहर में चर्चा का विषय बन गई थी। सोमवार को पवार के आयुक्त पद छोड़ने के बाद, मंगलवार सुबह ईडी ने उनके सरकारी आवास और नासिक व पुणे समेत उनसे जुड़े कुल बारह ठिकानों पर छापेमारी की। उनसे 22 घंटे तक पूछताछ जारी रही। उनकी पत्नी और बेटी को बुलाकर पूछताछ की गई। हालाँकि, पवार ने शुरुआत में ईडी अधिकारियों को वसई पश्चिम स्थित सरकारी आवास पर बिना दरवाज़ा खोले एक घंटे तक रोके रखा, जहाँ पूर्व आयुक्त अनिल कुमार पवार ठहरे हुए थे। इसके बाद, ईडी के अधिकारी दरवाज़ा तोड़कर बंगले में दाखिल हुए। मंगलवार सुबह 7 बजे शुरू हुई ईडी की कार्रवाई देर रात डेढ़ बजे के बाद समाप्त हुई। मगर सूत्रों की मानें तो ईडी के अधिकारी कुछ महत्वपूर्ण सामग्री और दस्तावेज़ अपने साथ ले गए। लेकिन अनिल कुमार पवार को ईडी अधिकारियों ने हिरासत में नहीं लिया।
- किस मंत्री से संबंध?
अनिल कुमार पवार से जुड़ी संपत्तियों पर छापेमारी के बीच, उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना के सांसद संजय राउत ने अब दावा किया है कि अनिल कुमार पवार का मंत्री दादा भूसे से संबंध है। जानकारी सामने आ रही है कि अनिल कुमार पवार दादा भूसे के रिश्ते में दामाद हैं। अनिल कुमार पवार की संपत्तियों पर ईडी की कार्रवाई पर बात करते हुए राउत ने कहा, अनिल पवार को अवैध रूप से नियुक्त किया गया है। दादा भूसे ने ही उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते हुए अनिल पवार से उनकी नियुक्ति का आग्रह किया था। इस कार्रवाई के तार मंत्री तक जाते हैं। उन्होंने दावा किया की दादा भूसे का एक सिफ़ारिश पत्र भी है।
- शिंदे पर दबाव बनाने की कोशिश?
सांसद राउत ने कहा फडणवीस एक्ट अब मंत्रियों को समझाने और रिहा करने का है। गलत काम करने वाले मंत्रियों को रिहा किया जा रहा है। फडणवीस समझाने और माफ़ करने की कोशिश कर रहे हैं। राउत ने आगे कहा, शिंदे को लेकर दबाव की राजनीति चल रही है। अमित सालुंखे और अनिल पवार पर छापेमारी को देखते हुए मिंधे गुट के लोगों को चेतावनी दी जा रही है। देखिए, टेबल पर रखी फाइलें कहाँ जाती हैं।