बारिश से भी नहीं ढीले पड़े गर्मी के तेवर उमस ने छुड़ाए पसीने

नई दिल्ली ।  सितंबर का तीसरा सप्ताह भी बीत गया, लेकिन इस बार दिल्ली वासियों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान उच्च बने हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो हाल फिलहाल ऐसी ही स्थिति बने रहने के आसार हैं। बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में सुबह ही धूप खिल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और तीखी होती गई। तेज धूप एवं उमस के कारण तापमान में भी खासी वृद्धि देखने को मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 86 से 53 प्रतिशत तक रहा। वहीं आयानगर में बूंदाबांदी जबकि नजफगढ़ में 2.0 मिमी वर्षा भी देखने को मिली। नजफगढ़, स्पोर्टस काम्प्लेक्स और पीतमपुरा दिल्ली के सर्वाधिक गर्म इलाके रहे। मालूम हो कि नजफगढ़ का अधिकतम 38.9 डिग्री जबकि स्पोर्टस काम्प्लेक्स का 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पीतमपुरा और नजफगढ़ का न्यूनतम तापमान भी काफी अधिक क्रमश: 30.5 डिग्री और 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह जलवायु परिवर्तन, कम वर्षा और अर्बन हीट आइलैंड का मिलाजुला असर है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। शाम या रात के समय कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।



Subscribe to our Newsletter