यूरोपीय संघ ने भारतीय कंपनी सहित 27 पर निर्यात पाबदी लगाई
Feb 24, 2024
लंदन । यूरोपीय संघ (ईयू) ने भारत में पंजीकृत एक कंपनी समेत 27 कंपनियों के खिलाफ निर्यात प्रतिबंध लगाने घोषणा की। नवीनतम प्रतिबंधों की घोषणा रूस-यूक्रेन संघर्ष के दो साल पूरे होने के अवसर पर की गई। यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों की नवीनतम घोषणा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं। यूरोपीय संघ का मानना है कि ये कंपनियां सैन्य एवं असैन्य के दोहरे उपयोग वाले उपकरणों का निर्यात कर रही हैं। हालांकि इन कंपनियों के नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
नामों की सूचना यूरोपीय संघ की आधिकारिक पत्रिका में बाद में प्रकाशित की जाएगी। यूरोपीय संघ की प्रशासनिक इकाई यूरोपीय आयोग के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक व्यापार और सीमा शुल्क डेटा द्वारा समर्थित विभिन्न स्रोतों से मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर इस सूची में 27 रूसी और तीसरे देश की कंपनियों को रूस के सैन्य-औद्योगिक परिसर से जुड़ी संस्थाओं की सूची में जोड़ा गया है।
इस सूची में शामिल 17 रूसी कंपनियां ड्रोन उत्पादन में उपयोग किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कारोबार से जुड़ी हुई हैं। चार कंपनियां चीन में पंजीकृत हैं जबकि कजाकिस्तान, भारत, सर्बिया, थाईलैंड, श्रीलंका और तुर्किये में भी पंजीकृत कंपनियां इसमें शामिल हैं।