राम मंदिर उदघाटन पर 50,000 करोड़ के कारोबार होने का अनुमान
Dec 29, 2023
- देशभर में तैयारियां जोरों पर, बड़ी संख्या में रामभक्त अयोध्या पहुंचेंगे
नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। इसमें रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को होगा। इसके लिए देशभर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बड़ी संख्या में रामभक्तों के अयोध्या पहुंचने का अनुमान है। साथ ही इस मौके को यादगार बनाने के लिए पूरे देश में शानदार तैयारियां की जा रही हैं। इसे कारोबार के लिहाज से भी बहुत ही अहम माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि राम मंदिर के उदघाटन के मौके पर देशभर में 50,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार होने की उम्मीद है। कारोबारियों के संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन देशभर में 50,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यापार होने का अनुमान है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर देशभर में श्रीराम मंदिर के उदघाटन को लेकर एक जनवरी से अभियान चलाने की घोषणा की गई है।
इससे देशभर के लोगों में उत्साह दिख रहा है। खंडेलवाल ने बताया कि देश के सभी बाजारों में भगवान राम से जुड़ी चीजों की भारी मांग देखी जा रही है। इनमें श्री राम ध्वजा, श्री राम अंगवस्त्र सहित श्रीराम के चित्र से अंकित मालाएं, लॉकेट, चाबी की रिंग, राम दरबार के चित्र, राम मंदिर के मॉडल के चित्र, सजावटी लटकनें और कड़े सहित अनेक प्रकार का सामान शामिल हैं। साथ ही श्रीराम मंदिर के मॉडल की भी भारी मांग है। इसे हार्डबोर्ड, पाइनवुड और लकड़ी से अलग-अलग साइज में तैयार किया जा रहा है। इससे बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिल रहा है। साथ ही कुर्ते, टी-शर्ट एवं दूसरे कपड़ों पर श्रीराम मंदिर के मॉडल की हाथ से कढ़ाई या फिर छपाई हो रही है। कुर्ते बनाने में खादी का उपयोग किया जा रहा है।
22 जनवरी को देशभर में दिवाली मनाने का आह्वान किया गया है। इससे मिट्टी के दिये, रंगोली बनाने के सामान, फूल, बाजारों एवं घरों में रोशनी के लिए बिजली के सामान की भारी मांग है। इससे कारोबार में तेजी आएगी। साथ ही बड़ी संख्या में होर्डिंग, पोस्टर, बैनर, पत्रक और स्टीकर बगैरह तैयार किए जा रहे हैं।