पांच दिवसीय नगर के गौरव दिवस को मनाए जाने को लेकर नगरवासियों में जोश

Nov 25, 2022

इतिहास में पहली बार सैकड़ों की संख्या में सड़क पर गौरव दिवस को मनाए जाने को लेकर  प्रभात फेरी में उमड़ा विद्यार्थियों का समूह

सीहोर : नगर का गौरव दिवस 29 नवम्बर को मनाया जाएगा। गौरव दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह आवासीय खेल परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी को विधायक सुदेश राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी मयंक अवस्थी, नगर पालिका सीएमओ योगेन्द्र पटेल सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इसके अलावा शुक्रवार को दोपहर बारह बजे सीहोर जिले पर विशेष निबंध प्रतियोगिता के अलावा शाम चार बजे नगर पालिका के सफाई कर्मियों की संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
सुबह प्रभात फेरी में दो हजार से अधिक स्कूली बच्चे एवं नागरिक शामिल हुए। प्रभात फेरी आवासीय खेल परिसर ने निकली तथा नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए टाउन हाल में समाप्त हुई। समापन अवसर पर विधायक सुदेय राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने संबोधित किया। विधायक श्री राय ने सभी को सीहोर को स्वच्छ और सुन्दर बनाने की शपथ दिलाई।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के अथक प्रयास से शहर को विकास की गति देने के लिए स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 29 नवंबर को शहर में आने वाले है। इस मौके पर सीएम श्री चौहान के नगरागमन पर भव्य रूप से स्वागत सत्कार के लिए नागरिकगणों के साथ विभिन्न संस्थाएं तैयारी कर रही है। रोड-शो मार्ग पर 29 नवंबर के पूर्व से कुछ जगहों पर एलईडी स्कीन के माध्यम से शहर के कायाकल्प की फिल्म एवं अन्य स्वच्छता से संबंधित फिल्म तथा सीहोर के गौरव पर कुछ चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। मुख्य समारोह में सीहोर के नागरिक जो कि प्रतिष्ठित पदों यथा आईईएस, आईपीएस, न्यायिक सेवा, सेना एवं अन्य उच्च पदों पर पहुंचे व्यक्तियों का बतौर सीहोर गौरव सम्मान किया जाएगा।  

कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 नवंबर को प्रात: 11 बजे से आवासीय खेल परिसर की दीवार पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे सीहोर जिले के इतिहास, पर्यटन व विकास को बढ़ावा देने के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से सीहोर नगर में विशाल साइकिल रैली निकाली जाएगी।

27 नवंबर को होंगे यह कार्यक्रम-कार्यक्रम के तीसरे दिन 27 नवंबर को सुबह 8 बजे जिला चिकित्सालय में रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में 1000 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। इसके पश्चात प्रात: 10 बजे से एनआरएलएम की महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर एवं नगर के प्रमुख स्थानों पर रंगोली बनाई जाएगी। दोपहर 12 बजे टाउन हॉल में विभिन्न विभागों के नवाचार की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शाम 6 बजे टाउन हॉल में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।

28 नवंबर को होंगे यह कार्यक्रम-कार्यक्रम के चौथे दिन 28 नवंबर को प्रात: 7 बजे आवासीय खेल परिसर में सामूहिक योग एवं सूर्य नमस्कार किया जाएगा। इसके पश्चात प्रात: 8 बजे रन फॉर सीहोर गौरव दिवस मैराथन आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे जनजाति कलाकारों द्वारा नाट्य प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात सामूहिक दीपदान दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम रखा गया है।  रात 8 बजे कोतवाली चौराहे पर भव्य अतिशबाजी की जाएगी।शुक्रवार को सुबह दस बजे शहर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई थी, जिसमें हजारों की संख्या में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शामिल थे, वहीं दोपहर बारह बजे सीहोर जिले पर विशेष निबंध प्रतियोगिता के अलावा शाम चार बजे नगर पालिका के सफाई कर्मियों की संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

Subscribe to our Newsletter