हरित क्षेत्र की बेहतर ढंग से साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं और कचरा भी तत्काल उठवाएं

Jun 05, 2025

वार्ड में पदस्थ सभी सफाई मित्रों से द्वितीय पाली में किसी एक क्षेत्र की साफ-सफाई कराई जाए  

निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता 

का जायजा लेते हुए समक्ष में व वी.सी. के माध्यम से दिए निर्देश 

   भोपाल। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देशित किया कि शहर के सभी हरित क्षेत्रों में बेहतर ढंग से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और साफ-सफाई उपरांत कचरा भी तत्काल उठवाने की व्यवस्था की जाए। निगम आयुक्त नारायन ने वार्ड में पदस्थ सभी सफाई मित्रों से द्वितीय पाली में वार्ड के किसी एक चिन्हित स्थान की साफ-सफाई कराने, सफाई के उपरांत निकले कचरा, मिट्टी, मलमा आदि को पूरी तरीके से उठवाने, नालों की बेहतर साफ-सफाई कर पानी का बहाव निर्बाध एवं व्यवस्थित करने तथा कहीं पर भी जल ठहराव की स्थिति निर्मित न होने देने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने शहर को बैनर,पोस्टर,पम्पलेट प्री सिटी बनाने हेतु सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने, सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध अभियान को और अधिक व्यापक स्तर पर चलाने, स्वतंत्र विचरण करने वाले पशुओं को तत्परतापूर्वक सड़कों से हटाने के निर्देश दिए।    

निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने बुधवार को लिंक रोड नंबर 01 एवं 02, रोशनपुरा, पॉलीटेक्निक, भारत माता चैराहा, लालघाटी, बैरागढ़, व्ही.आई.पी रोड आदि क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों,कार्यों का जायजा लिया। निगम आयुक्त नारायन ने लालघाटी, व्ही.आई.पी रोड, खानूगांव, कोहेफिजा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में स्थित ग्रीन बेल्ट की बेहतर ढंग से साफ-सफाई कराने और तत्काल कचरा उठवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों,मार्गों के किनारों से कचरा उठवाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने भेल क्षेत्र के खुले स्थानों में सफाई मित्रों के दल लगाकर कचरा उठवाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने सम्पूर्ण वार्ड क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत निर्देशित किया कि वार्ड में पदस्थ सभी सफाई मित्रों को द्वितीय पाली में वार्ड के एक चिन्हित स्थान पर लगाकर बेहतर से बेहतर सफाई कराने और सफाई के दौरान निकले कचरे, मलमे, मिट्टी आदि को तत्काल उठवाने के निर्देश दिए। 

निगम आयुक्त नारायन ने वर्षा पूर्व नाला सफाई अभियान के तहत सभी नालों की बेहतर ढंग से सफाई करने और नालों के बहाव को व्यवस्थित रखने तथा नालों की साफ-सफाई के दौरान निकले कचरे,मलमे को भी तत्काल उठवाने के निर्देश दिए साथ ही निर्देशित किया कि नालों के बहाव पर भी सतत् रूप से निगरानी रखे और कहीं भी जल ठहराव की स्थिति निर्मित न होने दें। निगम आयुक्त नारायन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत और अधिक तेजी के साथ व्यापक पैमाने पर कार्यवाही सुनिश्चित करने और जप्तशुदा प्लास्टिक आदि को तत्काल दानापानी गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पहुंचाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त नारायन ने शहर को बैनर,पोस्टर,पम्पलेट फ्री सिटी बनाने हेतु अवैध रूप से लगी प्रचार सामग्री को तत्काल हटवाने और सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही कराने के निर्देश दिए।  




Subscribe to our Newsletter