मासूम से रेप के मामले में फरार आरोपी से मुठभेड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sep 26, 2023
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा में 4 साल की मासूम से रेप करने के मामले में फरार आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त महेश निवासी ग्राम जहांगीरपुर थाना जेवर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

पीड़िता के पिता ने सोमवार को पुलिस को जानकारी दी कि एक युवक ने उसकी 4 वर्ष की बेटी को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची की हालत गंभीर है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जेवर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तारी करने के लिए टीम गठित की। गोपनीय सूचना के आधार पर जेवर पुलिस अभियुक्त गिरफ्तारी के लिए चेकिंग कर रही थी तभी जानकारी मिली की अभियुक्त महेश चांचली मार्ग के बाग में छिपा है।
पुलिस टीम ने बाग में जाकर अभियुक्त महेश को सरेंडर करने को कहा लेकिन महेश ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी करवाई में अभियुक्त महेश के पैर में गोली लगी और अभियुक्त महेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से 1 अवैध तमंचा 315 बोर, 1 खोखा कारतूस व 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।