चांद पर भूंकप, भूकंपीय गतिविधि का अध्ययन कर रहा लैंडर


बेंगलुरु । चंद्रमा की सतह पर प्रज्ञान रोवर का ‘सर्च ऑपरेशन’ जारी है। रोवर चंद्रमा पर मौजूद तत्वों से लेकर हर दिन नए-नए खुलासे कर रहा है। इसरो ने बड़ा अपडेट देकर कहा, “चंद्रयान-3 लैंडर पर रंभा-एलपी पेलोड द्वारा दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर सतह चंद्र प्लाज्मा वातावरण इंगित करता है कि वहां प्लाज्मा अपेक्षाकृत विरल है। इस बीच, चंद्र भूकंपीय गतिविधि का अध्ययन करने के लिए चंद्रयान 3 लैंडर पर आईएलएसए पेलोड ने न केवल रोवर और अन्य पेलोड की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया है, बल्कि 26 अगस्त को एक घटना भी दर्ज की है, जो प्राकृतिक प्रतीत होती है। इसरो ने कहा, इस घटना के स्रोत की जांच की जा रही है।

इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा, रेडियो एनाटॉमी ऑफ मून बाउंड हाइपरसेंसिटिव आयनोस्फीयर एंड एटमॉस्फियर-लैंगमुइर प्रोब (रंभा-एलपी) पेलोड ऑनबोर्ड चंद्रयान-3 लैंडर ने दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में निकट-सतह चंद्र प्लाज्मा वातावरण का पहला माप किया है। प्रारंभिक मूल्यांकन से संकेत मिलता है कि चंद्रमा की सतह के पास प्लाज्मा अपेक्षाकृत विरल है।ये मात्रात्मक माप संभावित रूप से उस शोर को कम करने में सहायता करते हैं जो चंद्र प्लाज्मा रेडियो तरंग संचार में पेश करता है। इसरो ने कहा,  इसके अलावा, वे आगामी चंद्र आगंतुकों के लिए उन्नत डिजाइन में भी योगदान दे सकते हैं।“

लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान दोनों में एक दूसरे की ‘सच्चाई को धरती पर भेजने की जैसे होड़ लग गई है। बुधवार को प्रज्ञान ने विक्रम की तस्वीर भेजी थी, तब गुरुवार को विक्रम ने प्रज्ञान का मजेदार वीडियो भेजा। इसरो ने वीडियो जारी कर कहा कि इस वीडियो में रोवर सुरक्षित रास्ते की तलाश में 360 डिग्री घूम रहा है जिससे ऐसा लग रहा है कि वह चांद की सतह पर अठखेलियां कर रहा है। इसरो ने कहा, ‘‘सुरक्षित रास्ते के लिए घूमते हुए रोवर प्रज्ञान का वीडियो लैंडर विक्रम ने रिकॉर्ड किया है। इस वीडियो में ऐसा लग रहा है कि एक बच्चा चंदामामा के आंगन में खेल रहा है और उसकी मां प्यार से उस खेलते हुए देख रही है।

इसरो के अनुसार, “चंद्रयान-3 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर खोजबीन कर रहा है। चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर ठीक तरह से काम कर रहे हैं। प्रज्ञान ने चांद के इस ध्रुव पर ऑक्सीजन और सल्फर के अलवा एल्युमीनियम, कैल्शियम, लौह, क्रोमियम, टाइटैनियम, मैंगनीज, सिलिकॉन का भी पता लगाया है। फिलहाल हाइड्रोजन की खोज जारी है।

इसमें से कई खनिज बेहद दुर्लभ और बेशकीमती हैं। उल्लेखनीय है कि हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की प्रतिक्रिया से पानी का निर्माण होता है और जीवन के लिए हवा और पानी अहम है।



 


Subscribe to our Newsletter