भावी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर जंग से गठबंधन पर संशय
Oct 26, 2023
लखनऊ । सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भावी पीएम बताने वाले पोस्टर के प्रतिउत्तर में कांग्रेस ने राहुल को पीएम और अजय राय को सीएम दर्शाने वाले पोस्टर की सियासत को विपक्षी गठबंधन में दरार के तौर पर देखा जा रहा है।
दरअसल, लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर पार्टी मुखिया अखिलेश यादव को भावी पीएम बताने वाले पोस्टर लग गए । पोस्टर को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा तेज हो गई और सियासत शुरू हो गई। लोग इसे विपक्षी गठबंधन में दरार के तौर पर देख रहे हैं।
उधर, बीजेपी नेता दानिश आजाद अंसारी और सुभासपा चीफ ओपी राजभर ने इस पर चुटकी ली है। अखिलेश यादव के इस पोस्टर का एक वीडियो एएनआई से भी जारी हुआ। बताया गया है कि इसे पार्टी नेता फखरुल हसन चांद की ओर से लगाया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिन यूं तो एक जुलाई को होता है लेकिन उनके प्रति अपना प्रेम और सम्मान जताने के लिए पार्टी कार्यकर्ता कई बार उनका जन्मदिन मनाते हैं। फ़ख़रूल हसन चांद ने कहा कि भाजपा से कांग्रेस में प्रतिनियुक्ति पर अजय राय प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। भाजपा कांग्रेस के पाप आज़म साहब से अजय राय के मिलने से धुलने वाले नहीं है। समाजवादी पार्टी आज़म साहब के साथ मज़बूती से खड़ी है।
सपा द्वारा अखिलेश यादव को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए पोस्टर लगाए जाने पर सुभासपा प्रमुख ओ.पी. राजभर ने कहा, कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनना हर नेता का सपना होता है लेकिन उसकी प्राप्ति के लिए वांछित कर्तव्य नहीं करना उन्हें हंसी का पात्र बनाता है ।
उधर अखिलेश के पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता और यूपी के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि कोई किसी को दिन में सपने देखने से नहीं रोक सकता। लेकिन हर किसी को चाहिए कि अपनी क्षमताओं के हिसाब से ख्वाब देखे। इसी को कहते हैं मुंगेरी लाल के हसीन सपने। उन्होंने कहा कि देश पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार तरक्की कर रहा है। राकेश/ईएमएस/26 अक्टूब