संन्यास के बाद भी मोटी कमाई कर रहे धवन
Jan 16, 2025
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी मोटी कमाई कर रहे हैं। धवन आजकल फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं। वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद नेपाल प्रीमियर लीग और बिग क्रिकेट लीग में खेलते हुए दिखे थे। धवन की कमाई का स्रोत लीग क्रिकेट के साथ ही विज्ञापन हैं। उनकी उनकी नेटवर्थ लगभग सवा सौ करोड़ पहुंच गयी है। धवन एंडोर्समेंट से ही हर महीने लाखों की कमाई करते हैं। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में निवेश भी किया है। धवन के पास दिल्ली में एक आलीशान घर भी है। एक रिपोर्ट के अनुसार धवन की नेटवर्थ लगभग 125 करोड़ रुपये के आसपास है। वह बीसीसीआई के ग्रेड ए अनुबंध में शामिल रहे थे। इसके लिए उन्हें बीसीसीआई की ओर से सालाना 5 करोड़ रुपये मिलते थे। इसके अलावा एक टेस्ट खेलने के उन्हें 15 लाख मिलते थे जबकि एकदिवसीय और टी20 के क्रमश: 6 लाख और 5 लाख रुपये मिलते थे।
साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले धवन ने टीम इंडिया में सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेला है। चैम्पियंस ट्रॉफी 2017 और आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2015 में वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे थे। आईपीएल में सबसे पहले दो शतक लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम है। आईपीएल से भी धवन ने करोड़ों की कमाई की है। वह 2014 से 2017 तक आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद फ्रेंचाइजी के साथ रहे। इस दौरान फ्रेंचाइजी ने उन्हें हर साल 12.50 करोड़ रुपये दिए। वहीं 2018 से 2021 तक वह दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े रहे जिसने उन्हें 5.20 करोड़ हर साल दिए। 2022 से 2024 तक धवन पंजाब किंग्स के साथ रहे. पंजाब ने उन्हें 8.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था। धवन ने साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया में 730,000 डॉलर में घर खरीदा था जो भारतीय मुद्रा में लगभग 7 करोड़ था। गब्बर महंगी महंगी घड़ियों के शौकीन हैं। इसके अलावा उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां भी हैं। वह बोट, आईएमजी रिलायंस, एल्सिस स्पोर्ट्स, नेरोलैक पेंट्स, जीएस कैलटेक्स, लेज़ और ओप्पो जैसी बड़ी कंपनियों के लिए विज्ञापन करते हैं। उनके पास ऑडी कार के साथ साथ मर्सिडीज भी है। हार्ले डेविडसन के साथ साथ कई बाइक्स भी उनके पास हैं।