उपमुख्यमंत्री मौर्य बोले- मदरसा कहीं भी हो, आतंकवाद ही पैदा करेगा

Aug 04, 2026

-बयान को लेकर बढ़ा सियासी घमासान

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मदरसों को लेकर दिए गए बयान से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने कहा कि मदरसा चाहे बांग्लादेश का हो, पाकिस्तान का हो या भारत का, मदरसे अघोषित रूप से आतंकवाद पैदा करते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं और विपक्ष ने इसे गंभीर मुद्दा बना लिया है।

मौर्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश सरकार मदरसा शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में मदरसों में संचालित डिग्री पाठ्यक्रमों को समाप्त करने का फैसला लिया जा सकता है। प्रस्ताव के तहत भविष्य में मदरसों में केवल 12वीं तक की शिक्षा संचालित करने की व्यवस्था किए जाने पर विचार हो रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। राज्य में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

ऐसे में उपमुख्यमंत्री का बयान राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्षी दलों के इस बयान पर सरकार को घेरने की संभावना जताई जा रही है, जबकि सत्तापक्ष इसे अपनी नीति और सुरक्षा संबंधी दृष्टिकोण से जोड़कर देख रहा है। इसी बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है, जो 6 अगस्त तक चलेगा। सत्र के दौरान मदरसा शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है।

ऐसे में मदरसों को लेकर सरकार की नीति और उपमुख्यमंत्री के बयान दोनों राजनीतिक बहस के केंद्र में बने हुए हैं। मौर्य के बयान और संभावित नीतिगत बदलावों के बीच अब सभी की नजर कैबिनेट के फैसले और विधानसभा में होने वाली चर्चा पर टिकी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में प्रमुख विषय बना रह सकता है।


Subscribe to our Newsletter