फिर दूषित हुई दिल्ली की हवा,सांस लेना भी खतरे से खाली नहीं
Oct 16, 2023
नई दिल्ली। दिल्ली की आवोहवा एक बार फिर दूषित होने लगी है। यहां बढ़ रहे प्रदूषण के कारण सांस लेना भी खतरे से खाली नहीं है। यह स्थिति रविवार को आंकी गई। हालांकि राहत की बात ये है कि सोमवार और मंगलवार को राहते मिलने की उम्मीद है। रविवार को दिल्ली के 16 इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 200 से ऊपर खराब जबकि चार इलाकों का 300 पार यानी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। बाहरी दिल्ली के एक इलाके डीटीयू का एक्यूआइ तो 400 से भी अधिक गंभीर श्रेणी में पहुंच गया।
राहत की बात ये है कि सोमवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ और यह मध्यम श्रेणी में आ गई, जबकि न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है।मौसम कार्यालय ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 67 प्रतिशत रही। सुबह 9 बजे एक्यूआइ 195 रहा।
इससे पहले एनसीआर के फरीदाबाद का 270, गाजियाबाद का 174, ग्रेटर नोएडा का 260, गुरुग्राम का 168 जबकि नोएडा का 200 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद का एक्यूआइ खराब जबकि अन्य सभी जगह मध्यम श्रेणी में रहा। मौसम विभाग के अनुसार,मौसम में अगले दो दिन एक्यूआइ में गिरावट देखने को मिलेगी। लेकिन इसके बाद उसमें फिर से वृद्धि होने लगेगी।
मंगलवार को दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी और ठंड का अहसास थोड़ा बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक स्तर पर 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 93 से 50 प्रतिशत तक रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे।
एक्यूआइ के स्तर की बात करें तो 0से 50 अच्छा माना जाता हैं, वहीं 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम और 201 से 300 खराब माना जाता हैं। वहीं 301 से 400 बहुत खराब माना जाता हैं, 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता हैं और 500 से ऊपर गंभीर प्लस की श्रेणी में आता हैं।