दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल फिर चलेगी लू
May 17, 2024
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिन तक लू चलने का अनुमान है। आज के मौसम में थोड़ा बदलाव जरूर देखा जा रहा है। देश के कुछ राज्यों में तामपाम शुष्क हो सकता है। तो कुछ राज्यों में बारिश भी होगी। चलिए जानते हैं उत्तर भारत से लेकर अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम देश के कई राज्यों में इस समय गर्मी अपनी चरम सीमा पर है। दिन ब दिन तापमान बढ़ रहा है। कई शहरों में तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा है। राजधानी दिल्ली में तो धूल और गर्मी ने आफत और बढ़ा दी है। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 43 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राजधानी में तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, गुरुवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 235 रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। आईएमडी ने बढ़ते पारे के लिए शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन तक दिल्ली के लोगों को गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी की मानें तो पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मौसम लगभग शुष्क हो सकता है। इन क्षेत्रों में तापमान भी बढ़ेगा। गुजरात, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। अगले 24 घंटे के दौरान, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ कुछ भारी बारिश की उम्मीद है। दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।