दिल्ली कैपिटल्स 29 रनों से हारी, ऋषभ ने गेंदबाजों को जिम्मेदार बताया

मुम्बई । दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ ही दिल्ली को पांच मैचों में चौथी हार मिली है। केवल एक मैच वह चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत पायी थी। दिल्ली अंक तालिका में इस समय सबसे नीचे है। उसे पिछले दोनो ही मुकाबलों में लगातार हार मिली है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने हार के लिए गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार माना है। टीम डेथ ओवरों में भी उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पायी। ऋषभ ने कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों को विकेट पर गेंदबाजी करने के साथही बीच के ओवरों में धीमी गेंद फेंकने और अपनी गेंदबाजी में विविधता लाने की जरूरत थी पर वह इसमें सफल नहीं रही। गेंदबाजों को हालातों को समझना होगा।मुझे लगता है कि हमें कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है जिनमें डेथ ओवरों की गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी भी शामिल रही है।’’

वहीं इस मैच में जीत से मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को राहत मिली है। उन्होंने इस दौरान मिले समर्थन के लिए मुंबई इंडियंस के प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि इससे टीम तीन मैच में हार के बाद वापसी करने में सफल रही है। इस मैच में पंड्या को हूटिंग का शिकार नहीं होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमें वापसी का भरोसा था।


Subscribe to our Newsletter