भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आप को घेरने की तैयारी चर्चा के लिए दिल्ली भाजपा ने कीं कई बैठकें

Apr 04, 2024

नई दिल्ली । लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए भाजपा ने दिल्ली सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ही घेरने की तैयारी की है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में बुधवार को सातों लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों, चुनाव संचालन समिति प्रमुखों व सदस्यों के साथ तीन बैठकें हुईं। इसमें चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी 41 चुनाव समितियों के प्रमुखों से कार्ययोजना पर व्यक्तिगत चर्चा के बाद सुझाव लिए गए। समीक्षा के दौरान चुनाव समितियों व अन्य मोर्चा पदाधिकारियों को दो-दो मिनट बोलने का मौका भी दिया गया। बैठक में धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि यह चुनाव देश को नई विकास यात्रा से जोड़ने का चुनाव है। दिल्ली के कार्यकर्ताओं को अपना पूर्ण समर्पण चुनाव प्रचार में देना होगा। चुनाव संचालन समिति में सभी अनुभवी कार्यकर्ता हैं।

पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वयं अपना कार्य मार्ग तय व प्रशस्त कर प्रचार करें, ताकि दिल्ली में तीसरी बार सातों सीटें जीतकर कीर्तिमान बनाया जा सके। चुनाव प्रचार को सकारात्मक रखना है, लेकिन केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार से सभी को अवगत कराना है। दस वर्षों में मोदी सरकार ने दिल्ली का स्वरूप बदला है। ये जनता को बताना है। बैठक में संगठन महामंत्री पवन राणा, सातों लोकसभा प्रत्याशी मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, कमलजीत सेहरावत, प्रवीण खंडेलवाल, रामबीर सिंह बिधूड़ी, हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया आदि मौजूद रहे।


Subscribe to our Newsletter