पैसों के विवाद में अस्पताल में डॉक्टर पर पूर्व कर्मचारी के पति का जानलेवा हमला
Feb 26, 2024
नासिक । महाराष्ट्र के नासिक में पैसों के विवाद को लेकर एक डॉक्टर पर उसकी पूर्व कर्मचारी के पति ने जानलेवा हमला कर दिया। डॉक्टर को गंभीर हालत में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि नासिक में पैसों के विवाद को लेकर एक डॉक्टर पर हमला किया गया। उसकी हालत गंभीर है और अभी इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि यह वारदात पंचवटी इलाके में हुई है जहां अस्पताल के निदेशक डॉ कैलास राठी पर शुक्रवार रात दरांती से हमला किया।
हमलावर डॉक्टर के अस्पताल की पूर्व कर्मचारी का पति था। आरोपी को पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पत्नी पर पीड़ित डॉक्टर के अस्पताल में काम करने के दौरान 6 लाख रुपये की हेराफेरी करने का आरोप था। जिसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। हालांकि उसे कुछ साल बाद फिर से नौकरी पर रख लिया गया था। आरोप है कि दोबारा नौकरी मिलने के बाद महिला ने डॉक्टर से 12 लाख रुपये लिए थे। डॉक्टर ने जब उससे पैसे वापस करने के लिए कहा तो उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर की पत्नी की शिकायत पर पूर्व कर्मचारी और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।