डीसीडब्ल्यू प्रमुख को नाबालिग रेप पीड़िता से नहीं मिलने दिया, बैठी धरने पर
Aug 22, 2023
नई दिल्ली । दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल को अस्पताल में एक नाबालिग रेप पीड़िता से नहीं मिलने दिया गया। इसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गईं। जानकारी के अनुसार जब वह सोमवार देर रात अस्पताल पहुंची तो उन्हें मिलने से रोकने पर वह वहीं धरने पर बैठ गईं और दावा किया कि उन्हें उस नाबालिग पीड़िता से मिलने से रोका गया जिसके साथ दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कथित रूप से बलात्कार किया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग में उपनिदेशक प्रेमोदय खाखा ने नवंबर 2020 और जनवरी 2021 के बीच कथित तौर पर किशोरी के साथ कई बार बलात्कार किया। इसके साथ ही अधिकारी की पत्नी पर भी पीड़िता को गर्भपात के लिए दवाएं देने का आरोप लगाया गया है। खाखा और उनकी पत्नी से सोमवार को पूछताछ की गई।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष मालीवाल ने आरोप लगाया कि अस्पताल अधिकारियों ने उन्हें पीड़िता से मिलने की अनुमति नहीं दी। महिला आयोग ने एक बयान में कहा कि अस्पताल के निदेशक ने उन्हें सूचित किया कि दिल्ली पुलिस के डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) और एसीपी (सहायक पुलिस आयुक्त) अस्पताल के अंदर हैं और उनसे उन्हें पीड़िता से नहीं मिलने देने के लिए कहा है। आयोग ने दिल्ली पुलिस और शहर सरकार के महिला एवं बाल विकास और सेवा विभाग को भी नोटिस भेजकर मामले में कार्रवाई के लिए कहा है। मालीवाल ने कहा कि यह चौंकाने वाला है कि दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के आठ दिन बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।