तीन दिनों से दिन के तापमान में हो रही बढ़ोतरी
Oct 13, 2023
कल छा सकते हैं बादल, कहीं-कहीं वर्षा के भी आसार
भोपाल राजधानी में पिछले तीन दिनों से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं कल शनिवार को आसमान पर बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बारिश होने के आसार भी बन रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण तीखी धूप निकल रही है।
इस वजह से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक प्रति चक्रवात मध्य महाराष्ट्र के आसपास बना हुआ है। शुक्रवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने जा रहा है। इसके असर से शनिवार से पंजाब-हरियाणा में वर्षा सिलसिला शुरू हो सकता है। मध्य प्रदेश में नमी आने के कारण बादल छा सकते हैं। इस दौरान राजस्थान के आसपास एक प्रेरित चक्रवात भी बन सकता है। जिसके असर से मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी, जबकि रात का तापमान कुछ बढ़ने लगेगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। हालांकि बीच-बीच में हवाओं का रुख दक्षिणी होने लगा है। इस वजह से गुरुवार को भी शहर में आंशिक बादल बने रह सकते हैं। शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। उधर गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 17.2 डिग्री सेल्सियस तापमान छिंदवाड़ा में दर्ज किया गया।