यूजी-पीजी कक्षाओं में प्रवेश की तारीख 31 तक बढ़ाई

Oct 06, 2023

प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों ने जारी नहीं किए रिजल्ट

भोपाल । प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में यूजी-पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए तारीख बढा दी है। इसकी वजह प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों द्वारा रिजल्ट जारी नहीं करना है। यही वजह है कि प्रदेश के साढ़े तीन लाख यूजी व पीजी के विद्यार्थी अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हो सके हैं। इस कारण कालेजों में कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं।

उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक (यूजी) द्वितीय व तृतीय वर्ष और स्नातकोत्तर (पीजी) तृतीय सेमेस्टर में प्रवेश नवीनीकरण की तारीख 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। इससे पहले तक 30 सितंबर तक का समय दिया था। बता दें कि यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष व पीजी में द्वितीय सेमेस्टर के नौ लाख विद्यार्थियों को इस सत्र में प्रमोट होना है। प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों ने प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं के रिजल्ट जारी नहीं किए हैं। इसमें बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए हैं।

उच्च शिक्षा विभाग ने प्रथम वर्ष के रिजल्ट जारी करने के लिए सभी विश्वविद्यालयों को 15 अक्टूबर तक का समय दिया है। इसलिए विभाग तीसरे सप्ताह से प्रमोट करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। बता दें कि अब भी साढ़े तीन लाख विद्यार्थियों के पिछली कक्षाओं के परिणाम में देर होने से वे अगली कक्षा में प्रमोट नहीं हो सके हैं। इसका कारण यह है कि कई विश्वविद्यालयों ने यूजी प्रथम व द्वितीय वर्ष के साथ-साथ पीजी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं घोषित नहीं की है। अब विद्यार्थियों के पास करीब एक माह का समय है।



Subscribe to our Newsletter