डीमार्ट के सीईओ नेविल नोरोन्हा ने खरीदा सपनों का घर, कीमत 70 करोड़ रुपए

Sep 19, 2022

देश में बढ़ती रईसों के संख्या के साथ अब उनकी लाइफ स्टाइल भी तेजी से चर्चा में है। साल-2021 में बिलेनियर्स क्लब में शामिल हुए रिटेल चेन डीमार्ट के सीईओ नेविल नोरोन्हा ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आलीशान घर खरीदा है। उन्होंने एक अंडर कंस्ट्रक्शन रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में दो यूनिट्स बुक कराई हैं। इसके लिए उन्हें 70 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के सबसे अमीर सीईओ में गिने जाने वाले सीईओ नेविल नोरोन्हा  ने ये प्रॉपर्टी मुंबई के बांद्रा ईस्ट के बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स के बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में खरीदी हैं। यहां अंडर कंस्ट्रक्शन रियल एस्टेट प्रोजेक्ट रुस्तमजी सीजंस में उन्होंने 66 करोड़ रुपये में दो यूनिट्स बुक कराई हैं। इसके लिए नोरोन्हा को 3.30 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी चुकानी पड़ी है। 

बिजनेस हब के करीब मौजूद यह प्रॉपर्टी डील रियल एस्टेट में बड़े सौदों में एक है। रिपोर्ट में जिपके पर मौजूद रजिस्ट्रेशन डॉक्युमेंट्स का जिक्र करते हुए कहा गया है कि दोनों यूनिट्स का कुल रेरा कारपेट एरिया 8,640 वर्ग फुट है। जबकि, डेक और टेरेस एरिया 912 वर्ग फुट है। इस तरह से सीईओ नोरोन्हा द्वारा खरीदी गई इस प्रॉपर्टी का पूरा एरिया 9,552 वर्ग फुट हो जाता है। खास बात यह है कि नोरोन्हा को 10 कारों की पार्किंग की जगह दी गई है। हालांकि, प्रोजेक्ट के डेवलपर और सीईओ नोरोन्हा ने इस खरीदारी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। 

अक्टूबर 2021 में डीमार्ट रिटेल स्टोर चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) इग्नाटियस नेविल नोरोन्हा अरबपति सीईओ के क्लब में शामिल हुए थे। उन्हें ये उपलब्धि तब मिली थी, जब बीएसई पर कंपनी के स्टॉक ने इंट्राडे में 5,899 रुपये का नया रिकॉर्ड छू लिया था और इसका मार्केट कैप 3.54 लाख करोड़ रुपये का लेवल पार कर गया था। इस तेजी के साथ नोरोन्हा की संपत्ति 7,744 करोड़ रुपये को पार कर गई। गौरतलब है कि नोरोन्हा के पास एवेन्यू सुपर सुपरमार्ट की लगभग 2 फीसदी स्टेक है।

कंपनी के सीईओ नविल नोरोन्हा ने हाल ही में कहा था कि डीमार्ट अपने स्टोर्स की संख्या को बढ़ाकर 1,500 तक कर सकती है। भारतीय अरबपति राधाकृष्ण दमानी की रिटेल चेन डीमार्ट, एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के अंतर्गत संचालित है। फिलहाल इसके स्टोर्स की संख्या 284 है। जिसमें इजाफा करते हुए कंपनी इस आंकड़े को पांच गुना तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है।  

Subscribe to our Newsletter