कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, बलौदाबाजार अग्निकांड मामले में रिहा होंगे

Feb 20, 2025

रायपुर। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है और वे शुक्रवार को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो जाएंगे। वे पिछले सात महीनों से बलौदाबाजार अग्निकांड मामले में जेल में बंद थे। दरअसल, 15 और 16 मई 2024 की दरमियानी रात गिरौधपुरी धाम में सतनामी समाज के धार्मिक स्थल जैतखाम में तोड़फोड़ की गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, लेकिन समाज के लोग मामले की न्यायिक जांच की मांग कर रहे थे। इसके बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने न्यायिक जांच की घोषणा की। 10 जून को जैतखाम में तोड़फोड़ के विरोध में हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास एकत्र हुए, जिससे प्रदर्शन हिंसक हो गया। उपद्रवियों ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया, जिसमें सरकारी संपत्तियों को 12.53 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ। इस घटना के बाद प्रशासन ने 43 मामलों में 187 लोगों को गिरफ्तार किया था।

बलौदाबाजार पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को मुख्य आरोपी बनाया और उन पर हिंसा, दंगा फैलाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने 17 अगस्त को उन्हें भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया था। इस बीच, भीम आर्मी ने बलौदाबाजार आगजनी के खिलाफ मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का ऐलान किया है। भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह सुबह 11.30 बजे आउटडोर स्टेडियम में सभा करेंगे, उसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे। प्रशासन ने घेराव की संभावना को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है और सीएम निवास तक जाने वाले रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया है।


Subscribe to our Newsletter