कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी आज, रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने किया विरोध
Jul 22, 2025
रायपुर । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस द्वारा सोमवार को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन की घोषणा के बाद राजधानी रायपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए हैं। शहर के तेलीबांधा चौक, वीआईपी रोड और अन्य प्रमुख स्थलों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शन स्थलों पर स्टॉपर, बैरिकेड्स लगाए जा चुके हैं और महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एडिशनल एसपी और सीएसपी स्तर के अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि इस आंदोलन के तहत आम नागरिकों की आवाजाही बाधित नहीं की जाएगी।
केवल बड़े मालवाहक वाहनों को कुछ समय के लिए रोका जाएगा ताकि सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया जा सके। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस आर्थिक नाकेबंदी में भाग लेने से इनकार कर दिया है। चैंबर के महामंत्री अजय भसीन ने एक वीडियो संदेश में कहा, “इस तरह की नाकेबंदी से विकास कार्यों और रोजमर्रा के व्यापार पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। चैंबर किसी भी प्रकार की बंद या आर्थिक नाकेबंदी का समर्थन नहीं करता।”
यहां होंगे प्रमुख प्रदर्शन स्थल - मैग्नेटो मॉल, हाइवे: शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में,विधानसभा रोड, सकरी: नारायण कुर्रे और पप्पू बंजारे के नेतृत्व में,दिलबाग ढाबा, साकरा: सांसद छाया वर्मा और अनीता योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में
अभनपुर, मोहन ढाबा: जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू के नेतृत्व में,आरंग, रसनी: पूर्व विधायक डॉ. शिवकुमार डहरिया के नेतृत्व में,तिल्दा, दीनदयाल चौक: कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में,खरोरा, बुडेरा आजाद चौक: ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन की ओर से सभी स्थानों पर सतर्कता बरती जा रही है और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।