वित्तीय वर्ष के लक्षित कार्यों को समय - सीमा में पूर्ण करें - संभागायुक्त
Feb 11, 2025
लंबित बीमा दावों की हर माह करें समीक्षा
भोपाल1 संभागायुक्त , संजीव सिंह ने निर्देश दिए हैं कि राज्य पोषित विभागीय योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धि हासिल करें। वित्तीय वर्ष में लक्षित सभी कार्य पूर्ण किए जाएं एवं पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।
संभागायुक्त , संजीव सिंह ने आज कमिश्नर कार्यालय के व्हीसी रूम में कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में संयुक्त आयुक्त , विनोद यादव एवं संबंधित विभाग के संभागीय अधिकारी उपस्थित थे। श्री सिंह ने केसीसी कार्ड के लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी बैठक में लक्ष्य पूरा करने हेतु निर्देश दिए।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
संभागायुक्त , संजीव सिंह ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन की वित्तीय प्रगति, राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल तिलहन में बीज वितरण एवं उत्पादन, बीजग्राम योजना, नलकूप खनन योजना की समीक्षा की। श्री सिंह ने इस वित्तीय वर्ष के लक्षित कार्यों को समय - सीमा में पूर्ण करने हेतु निर्देश दिए।
संभागायुक्त संजीव सिंह ने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में संभाग में फल, संकर सब्जी, प्याज, मसाला एवं पुष्प क्षेत्र में जिलों के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की समीक्षा की। श्री सिंह ने जैविक खेती वर्मी खाद इकाई, एचडीपीई वर्मी वेड पैक हाउस निर्माण बागवानी यंत्रीकरण की स्थिति की समीक्षा की एवं राज्य पोषित योजनाओं में शत - प्रतिशत सैचुरेशन लाने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त संजीव सिंह ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि सीईओ जिला पंचायत योजनाओं की जिला स्तर पर समीक्षा करे एवं अगले माह तक लक्ष्यों में प्रगति लाए। श्री सिंह ने विकास आधारित योजनाओं प्रगति लाने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त संजीव सिंह ने मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग में संभाग में जल संसाधन की स्थिति की समीक्षा की। श्री सिंह ने संभाग के जिलों में प्रधान मंत्री मत्स्य संपदा योजना की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धि की समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि सहकारी समितियों की जांच निरंतर की जाए।
केसीसी लक्ष्य एवं बीमा प्रकरणों की समीक्षा
संभागायुक्त , संजीव सिंह ने कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग के केसीसी के लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि बैंक से समन्वय कर लक्षित संख्या में केसीसी बनाए जाए। इसी प्रकार श्री सिंह ने सभी विभागों की लंबित बीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण किया जाए, पेंडेंसी को खत्म करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने सीईओ जिला पंचायत को बीमा दावों से संबंधित प्रकरणों की प्रत्येक माह समीक्षा करने के निर्देश दिए।
नल जल योजनाओं की समीक्षा
संभागायुक्त श्री सिंह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जल निगम के अंतर्गत हस्तांतरित होने वाली नल - जल योजनाओं, समूह नल - जल योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। श्री सिंह ने सीईओ जिला पंचायत को 15 दिवस में सभी हस्तांतरण हेतु लंबित योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए।