बिहार में स्टालिन और उनके बेटे पर परिवाद दायर


- 14 सितंबर को होगी मामले की सुनवाई

मुजफ्फरपुर । बिहार के मुजफ्फरपुर में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि के खिलाफ परिवाद दायर ‎किया गया है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर के सीजीएम की अदालत में अधिवक्ता सुधीर ओझा ने दोनों के पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया है। दरअसल, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने हिंदुओं और सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान दिया था।

उदयनिधि ने 2 सितम्बर को चेन्नई में सनातन उन्मूलन कार्यक्रम में कहा था कि सनातन धर्म डेंगू, मलेरिया की तरह है। उदयनिधि के इस विवादास्पद बयान से देश के करोड़ों हिन्दू आहत हैं और उनके धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। वहीं उदयनिधि के इस विवादास्पद बयान के बाद पूरे देश में बवाल मचा हुआ है। इसी बात को लेकर अधिवक्ता सुधीर ओझा ने मुजफ्फरपुर सीजीएम की अदालत में आई पीसी की धारा 500, 504, 295 (क), 298, 120 (बी) तहत मुकदमा दर्ज कराया है।

न्यायालय ने मामले की सुनवाई के लिए 14 सितंबर की तिथि तय की है।



Subscribe to our Newsletter