सीएम डॉ. यादव ने की मप के स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा

Aug 22, 2025

प्रदेश के स्थापना दिवस पर होगा सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य

भोपाल। विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन का नाम सम्राट विक्रमादित्य रखने के बाद मोहन यादव सरकार प्रदेश के स्थापना दिवस समारोह में सम्राट विक्रमादित्य की जीवन पर महानाट्य प्रस्तुत करेगी। इसमें अलग-अलग स्थानों से आने वाले कलाकार विक्रमादित्य के जनकल्याण, सुशासन और शौर्य के साथ आम जीवन में उनके योगदान से लोगों को परिचित कराएंगे। इसके पहले दिल्ली में विक्रमादित्य पर आधारित महानाट्य का मंचन किया जा चुका है।

यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय में एक नवंबर को मनाए जाने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों संबंधी बैठक में लिया है। इसमें तय हुआ कि लाल परेड मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन होगा। स्थापना दिवस पर कलाकारों द्वारा सुगम संगीत कार्यक्रम पेश किए जाएंगे एवं ड्रोन शो का आयोजन होगा।

सभी जिलों में मनाया जाएगा स्थापना दिवस

बैठक में निर्देश दिए गए कि स्थापना दिवस कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों में मनाया जाएगा। इसमें नारी सशक्तिकरण के प्रतीक स्व-सहायता समूह की बहनों को भी आमंत्रित किया जाएगा। स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवा क्षेत्र में गतिविधियों का आयोजन किया जाए। शिक्षा विभाग के सहयोग से सामान्य ज्ञान और अन्य स्पर्धाएं होंगी। जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी और उपलब्धियां प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र, नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र, सुशासन और अन्य कई क्षेत्रों में नवाचार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है। जिला पर्यटन परिषद को भी आयोजनों से जोड़ा जाए।

Subscribe to our Newsletter