अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर CM विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं, महतारी वंदन योजना की 13वीं किश्त जारी

Mar 08, 2025

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं की सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना जैसी ऐतिहासिक पहल की है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, आज इस योजना की 13वीं किश्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री साय आज जशपुर के कुनकुरी में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने रवाना हुए। उनके साथ जशपुर की विधायक रायमुनी भगत और पत्थलगांव की विधायक गोमती साय भी उपस्थित रहीं। मीडिया से बातचीत के दौरान CM साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है।

उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रपति पद पर एक महिला आसीन हैं और विभिन्न स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। CM साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राज्य और देश की प्रगति में भागीदार बन सकें। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की कि महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए समानता, सम्मान और सुरक्षा का वातावरण तैयार करें।

जशपुर में सामूहिक विवाह और मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कुनकुरी में स्व. दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ करेंगे। इस आयोजन में सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसके अलावा, वे सामूहिक विवाह समारोह में भी शामिल होंगे, जिसमें 350 से अधिक जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक सशक्त महिला ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। उन्होंने सभी से सशक्त नारी, सशक्त समाज के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने की अपील की।


Subscribe to our Newsletter