बच्चों को विदेश में गोद लेने की मंजूरी देने की प्रथा बंद करेगा चीन
Sep 09, 2024
- पिछले 30 साल में लगभग 150,000 चीनी बच्चों को विदेश में गोद लिया गया
बीजिंग । चीन ने घोषणा की है कि वह बच्चों को विदेश में गोद लेने की मंजूरी देने की प्रथा बंद करेगा। इसकी वजह से मौजूदा वक्त में बच्चों को गोद लेने के लिए कोशिश कर रहे विदेशी परिवारों में असमंजस पैदा हो गया है। पिछले 30 साल में कम से कम 150,000 चीनी बच्चों को विदेश में गोद लिया गया है। इनमें से 82,000 से अधिक बच्चे अमेरिका गए हैं, जो दुनिया में कहीं और से ज्यादा संख्या है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भविष्य में चीन केवल उन विदेशी नागरिकों को चीनी बच्चों को गोद लेने की अनुमति देगा, जो उनके रिश्तेदार हैं। विदेश में चीनी बच्चों को गोद लेने पर प्रतिबंध लगाए जाने से अमेरिका में सैकड़ों परिवारों के लिए असमंजस के हालात पैदा हो गए हैं, जो मौजूदा समय में चीन से बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। अमेरिका अब चीन के नागरिक मंत्रालय से इस बारे में स्पष्टीकरण मांग रहा है। 1990 के दशक में चीन में विदेश में बच्चों को गोद लेने की नीति को औपचारिक रूप दिया गया था, तब से दसियों हजार बच्चों को गोद लिया गया है। जिनमें से लगभग आधे अमेरिका में माता-पिता को दिए गए हैं। चीन के बच्चों को गोद लेने वाली हस्तियों में मेग रयान और वुडी एलन भी शामिल हैं। हालांकि चीन के बच्चों को विदेश में गोद देने का प्रोग्राम कई बार आलोचनाओं के घेरे में आया है। 2013 में चीनी पुलिस ने 92 किडनैप किए गए बच्चों को बचाया और तस्करी नेटवर्क के संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि चीन की विवादों से गिरी एक-बच्चा नीति ने कई परिवारों को अपने बच्चों को छोड़ने के लिए मजबूर किया। इस पॉलिसी को 1979 में शुरू किया गया था। जब चीन अपनी बढ़ती जनसंख्या के बारे में चिंतित था।
नियमों को नहीं मानने वाले परिवारों पर जुर्माना लगाया गया और कुछ मामलों में, नौकरी भी चली गई। इससे एक ऐसी संस्कृति पैदा हो गई जिसमें लड़कियों की तुलना में लड़कों को तरजीह दी जाती है। यानी कि माता-पिता अपनी लड़कियों को छोड़ देते थे। उस समय आलोचकों ने चीन की एक-बच्चा नीति और गोद लेने के कानूनों की ओर इशारा किया था, जिसके बारे में उनका कहना था कि इसने बच्चों को खरीदने के लिए एक संपन्न अंडरग्राउंड मार्केट तैयार कर दिया है। कई देशों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बच्चों को गोद लेने के बारे में चिंता जाहिर की है। बहरहाल 2016 में चीन ने एक-बच्चा नीति को खत्म कर दिया। 2021 में बीजिंग ने तीन बच्चे पैदा करने की अनुमति देने के लिए कानूनों में संशोधन किया।