जून में चीन में कारखाना गतिविधि में मामूली सुधार

Jun 30, 2025

बैंकॉक । अमेरिका द्वारा आयात शुल्क में अस्थायी राहत देने के फैसले से चीन की फैक्ट्री गतिविधियों में जून के महीने में हल्का सुधार दर्ज किया गया, हालांकि समग्र आर्थिक गतिविधि अभी भी सुस्त बनी हुई है। सोमवार को जारी एक आधिकारिक सर्वेक्षण में यह जानकारी सामने आई। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के अनुसार, क्रय प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) जून में बढ़कर 49.7 हो गया, जो मई में 49.5 था। हालांकि यह सुधार सकारात्मक संकेत है, लेकिन सूचकांक अब भी 50 के नीचे बना हुआ है, जो औद्योगिक गतिविधियों में संकुचन को दर्शाता है।

एशिया की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में भी इसी तरह के कमजोर रुझान देखने को मिले हैं। जापान में मई के दौरान विनिर्माण उत्पादन में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो कि विश्लेषकों द्वारा अनुमानित 3.5 प्रतिशत से कहीं कम है। यह उत्पादन क्षेत्र की सुस्ती को उजागर करता है। दक्षिण कोरिया की सरकार ने बताया कि मई में देश के सभी उद्योगों के उत्पादन में सालाना आधार पर 2.9 प्रतिशत की गिरावट आई। प्रमुख क्षेत्रों में कंप्यूटर चिप उत्पादन में 2 प्रतिशत की कमी और वाहन निर्माण में 2.3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इससे पहले अप्रैल में वाहनों के उत्पादन में 4.1 प्रतिशत की गिरावट हुई थी।



Subscribe to our Newsletter