
राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र, साय सरकार की नीतियों की सराहना
Feb 24, 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ हुई, जिसमें उन्होंने साय सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की खुशहाली और डिजिटल विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का वर्ष है और राज्य नक्सलवाद के खात्मे की ओर बढ़ रहा है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है, जैविक खेती और जलवायु परिवर्तन पर प्रभावी काम किया जा रहा है।
इसके अलावा, महतारी वंदन योजना के तहत 69 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। इससे पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछला बजट मोदी की गारंटी को पूरा करने वाला था, और इस बार भी एक समावेशी और कल्याणकारी बजट लाया जाएगा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के संकल्पों को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि अब नगरीय विकास को गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगला विधानसभा सत्र नए भवन में आयोजित किया जाएगा।