(शिमला) चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी कांड: शिमला पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार कर पंजाब पुलिस के हवाले किया
Sep 19, 2022
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की छात्रा द्वारा साथी छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने के मामले में हिमाचल पुलिस ने एक और युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक का नाम रंकुज है और उसकी उम्र 31 साल है। आरोपी युवक उस लड़की दोस्त है, जिसने लड़कियों के वीडियो बनाए थे। पुलिस ने आरोपी युवक को ढली थाना क्षेत्र के इंद्रनगर से पकड़ा है। पंजाब पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
इससे पहले शिमला पुलिस आरोपी लड़की के दोस्त सन्नी को रोहड़ू से गिरफ्तार किया था। आरोपी सन्नी रोहड़ू में ही एक बेकरी में काम करता है। पंजाब पुलिस ने सन्नी को हिरासत में ले लिया है। सन्नी वीडियो बनाने वाली लड़की के साथ काफी समय से संपर्क में था। आरोपी लड़की भी शिमला के रोहड़ू की रहने वाली बताई जा रही है।
इससे पहले पंजाब पुलिस ने वीडियो बनाने वाली लड़की को गिरफ्तार कर चुकी है। वह लड़कों को बहुत पहले से जानती हैं। सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। देर शाम दोनों युवक पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए। सन्नी (23 साल) एक बेकरी में जबकि रंकज (31 साल) ट्रेवल एजेंसी में काम करता है।
वही इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस के रवैए से नाराज सीयू के सैकड़ों छात्र ने कैंपस में फिर से प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने डीन ऑफिस घेर लिया। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि देर शाम प्रशासन ने दावा किया कि छात्रों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया है, लेकिन छात्र अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर, पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र भी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स के समर्थन में कैंपस पहुंच गए हैं।