चैम्पियंस ट्रॉफी अब हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित होगी : पीसीबी

भारतीय टीम के मैच दुबई में खेले जाएंगे 

दुबई । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की फटकार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चैम्पियंस ट्रॉफी को हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित करने के लिए तैयार हो गया है। ऐसे में अब भारतीय टीम के मैच दुबई में खेले जाएंगे। इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई ने सुरक्षा कारणों से अपनी टीम पाक भेजने से इंकार कर दिया था। अब साल 2027 तक कई टीम वाली प्रतियोगिताओं में इसी तरह की व्यवस्था के लिए ‘सैद्धांतिक रूप से सहमति बन गई है। आईसीसी के अनुसार दुबई में आईसीसी के नए चेयरमैन जय शाह और पाकिस्तान सहित निदेशक मंडल के बीच एक अनौपचारिक बैठक के दौरान ही इस फैसले को अंतिम रूप दिया गया। 

आईसीसी सूत्र का कहना है कि सभी पक्षों ने सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की है कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी यूएई और पाकिस्तान में आयोजित की जाएगी जबकि भारतीय टीम अपने मैच दुबई में खेलेगी। यह सभी हितधारकों के लिए जीत की स्थिति है। चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल फरवरी-मार्च में पाक में आयोजित की जाएगी। इससे पहले पीसीबी ने पिछले सप्ताह आईसीसी की पिछली बैठक में बहिष्कार की धमकी वापस लेते हुए हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई थी और 2031 तक अपने लिए भी इसी तरह की व्यवस्था की मांग की थी।

हालांकि आईसीसी ने 2027 तक अपनी सभी प्रतियोगिताओं के लिए हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई है। इस अवधि के दौरान भारतीय टीम अगले वर्ष अक्टूबर में महिला एकदिवसीय विश्व कप तथा श्रीलंका के साथ संयुक्त रूप से 2026 पुरुष टी20 विश्व कप की मेजबानी करेगा। अगर हाइब्रिड मॉडल लागू नहीं होता तब भी पाकिस्तान को 2026 में भारत की यात्रा करने के लिए बाध्य नहीं होना पड़ता। सूत्र ने कहा कि पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दौरान पाकिस्तान अपने मैच श्रीलंका में खेलेगा। चैंपियंस ट्रॉफी के हाइब्रिड मॉडल में आयोजन के कारण पीसीबी द्वारा मांगे गए मुआवजे पर अब भी विचार किया जा रहा है। 


Subscribe to our Newsletter