भोपाल-सागर नेशनल हाईवे पर कार पलटी, एक की मौत
Oct 05, 2023
दस लोग घायल, विदिशा के अस्पताल में चल रहा है इलाज
भोपाल । राजधानी के समीप स्थित जिला विदिशा क्षेत्र में भोपाल-सागर नेशनल हाईवे क्रमांक 146 पर ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के मनोरा के पास एक पुलिया की रैलिंग से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार करीब ग्यारह लोगों में से एक की मौत हो गई। वहीं दस लोग घायल हो गए जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी घायल एक ही परिवार के है और छत्तीसगढ़ के खुशहालपुर के रहने वाले हैं। घायलों को विदिशा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के खुशहालपुर का रहने वाला सोनी परिवार ने उज्जैन में महाकालेश्वर के दर्शन किए। इसके परिवार ने सीहोर में कुबेरेश्वर धाम के दर्शन किए और छतरपुर के बागेश्वरधाम जा रहे थे। हादसे में नंदिनी सोनी पति किशन सोनी (30) की मौके पर ही मौत हो गई। किशन सोनी पिता धन्नालाल (35), किशन सोनी की पुत्री निकिता सोनी (7), पुत्र हर्षित (10), मृतका नंदिनी की बड़ी बहन लक्ष्मी सोनी (43), नीलिमा सोनी (45), नीलिमा की बेटी एकता सोनी (21), नैतिक सोनी (17), किशन की सास मीनाबाई (60) और दो बच्चे घायल हो गए । सभी घायलों को विदिशा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार किया जा रहा है।